दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। झारखंड के चतरा जिले में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस फ्लाइट समरिया इलाके में क्रैश हो गई। विमान में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें एक मरीज भी शामिल था जिसे इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक यह मेडिकल चार्टर फ्लाइट रेडबर्ड एयरवेज की बीचक्राफ्ट किंग एयर B90L थी। विमान में एक मरीज, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक, एक अटेंडेंट और क्रू मेंबर समेत कुल सात लोग मौजूद थे। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद पलामू के पास एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। इसके बाद थोड़ी ही देर में चतरा जिले के समरिया क्षेत्र में विमान के क्रैश होने की सूचना मिली।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घायलों और हताहतों की स्थिति को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और विमान के ब्लैक बॉक्स की तलाश की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं।
Tags
national
