दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में सिलवानी-भोपाल मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम जमुनिया के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान आमापानी कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 1 निवासी 20 वर्षीय जितेंद्र लोधी के रूप में हुई है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल रोहित आदिवासी को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
देर रात सिलवानी से सीहोर जा रहे थे युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक देर रात सिलवानी से सीहोर की ओर बाइक से जा रहे थे। ग्राम जमुनिया के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जितेंद्र लोधी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
Tags
madhya pradesh
