दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। शहर के भिंड रोड पर शनिवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां मामूली सड़क हादसे के बाद कार सवार युवकों ने रिटायर्ड फौजी के साथ मारपीट की और उन्हें कार के बोनट पर लटकाकर करीब 500 मीटर तक घसीटते ले गए। घटना डीडी नगर चौराहे के पास की है, जिसका 16 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित रिटायर्ड फौजी कल्याण किशोर कांत शर्मा आदित्यपुरम की गणेश कॉलोनी में रहते हैं। वे शनिवार रात करीब 11 बजे अपने बहनोई अवधेश शर्मा के साथ प्रेस्टीज कॉलेज की ओर से घर लौट रहे थे। आदित्याज होटल के पास उनकी कार की टक्कर एक अन्य कार (MP 07 ZL-8545) से हो गई।
टक्कर के बाद दूसरी कार में सवार दो युवक बाहर निकले और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने रिटायर्ड फौजी और उनके बहनोई के साथ मारपीट की। इसी दौरान मौके पर भीड़ जुटने लगी तो आरोपी कार लेकर भागने लगे। उन्हें रोकने के प्रयास में रिटायर्ड फौजी कार के सामने खड़े हो गए, लेकिन आरोपियों ने कार रोकने के बजाय टक्कर मार दी। इससे वे उछलकर कार के बोनट पर गिर पड़े।
आरोपियों ने उन्हें बोनट पर लटकाए हुए करीब 500 मीटर तक कार दौड़ाई। कुछ दूरी पर जाकर अचानक ब्रेक लगाया, जिससे रिटायर्ड फौजी सड़क पर गिर पड़े और आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और महाराजपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। घायल साले-बहनोई की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सामने आए वीडियो और कार नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी तलाश जारी है।
Tags
madhya pradesh
