दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। इंदौर में रविवार सुबह आयोजित मैराथन के दौरान एक दुखद हादसा सामने आया। 21 किलोमीटर की दौड़ में शामिल युवक की फिनिश लाइन से महज 100 मीटर पहले तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान आर्यन तोदी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कोलकाता का निवासी था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नेहरू स्टेडियम के फिनिश पॉइंट के पास आर्यन अचानक स्टेडियम के बाहर गिर पड़ा। उस समय दौड़ लगभग पूरी हो चुकी थी। मौके पर मौजूद अन्य रनर्स ने तुरंत उसे संभालने की कोशिश की।
मैराथन में पीछे चल रहे कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. भरत रावत ने तुरंत आर्यन को सीपीआर दिया। इसके बाद उसे एम्बुलेंस से एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में बॉम्बे हॉस्पिटल में भी जांच के बाद मौत की पुष्टि हुई। शुरुआती तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि अंतिम पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी।
डॉ. रावत के अनुसार, जब वे मौके पर पहुंचे तब आर्यन की धड़कन बंद हो चुकी थी। अस्पताल के आईसीयू में भी डॉक्टरों ने प्रयास किए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
आर्यन का परिवार मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है, हालांकि वर्तमान में कोलकाता में रहता है। वह इंदौर में अपने चचेरे भाई के साथ रह रहा था और यहां एक फैक्ट्री शुरू करने की तैयारी कर रहा था। उसके पिता हरीश तोदी व्यवसायी हैं और फिलहाल दिल्ली में हैं।
डॉ. रावत ने बताया कि मैराथन के दौरान कार्डियक अरेस्ट के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। ऐसे हादसे अक्सर फिनिश लाइन के आसपास या दौड़ पूरी होने के बाद लौटते समय देखे गए हैं।
इस घटना से मैराथन आयोजनों में स्वास्थ्य जांच और मेडिकल व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
