दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना पनागर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम टिकरिया निवासी कुंवरलाल पटेल एवं प्रमोद कुमार पटेल मोटरसाइकिल से अपने घर से ग्राम भीटा जा रहे थे। मोटरसाइकिल प्रमोद कुमार चला रहा था। गत दिवस दोपहर लगभग 3:15 बजे कुशनेर बिज पेट्रोल पंप के पास पनागर में सामने से आ रही स्वराज माजदा वाहन क्रमांक एमपी 20 जीए 6925 के चालक ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों मोटरसाइकिल सवार घायल हो गए, जिन्हें परिजनों द्वारा उपचार के लिए नेशनल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान कुंवरलाल पटेल उम्र 83 वर्ष की हालत बिगड़ गई और रात लगभग 9:30 बजे उनकी मृत्यु हो गई। सूचना पर थाना पनागर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
Tags
jabalpur
