दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर जिले के कुंडम थाना क्षेत्र में 30 जनवरी से लापता किसान का शव बुधवार सुबह बदुआ डैम से बरामद किया गया। शव कंबल में लिपटा हुआ और जीआई तार से बंधा मिला, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान ग्राम खोरा निवासी कपिल टैंभारे के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 30 जनवरी की दोपहर कपिल खेत में फसल पर दवा डालने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद कुंडम थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
मंगलवार को बदुआ डैम के पास से गुजर रहे ग्रामीणों ने पानी में एक शव को उतराते हुए देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अंधेरा होने के कारण मंगलवार रात शव बाहर नहीं निकाला जा सका।
बुधवार सुबह दोबारा रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसमें शव को डैम से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कुंडम स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है।डीएसपी आकांक्षा उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। हालांकि जिस स्थिति में शव मिला है, उससे यह आशंका मजबूत है कि युवक की हत्या कर शव को डैम में फेंका गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

