Jabalpur News: टैक्स नहीं चुकाने पर “मधु कलश स्वीट्स” सील

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कैंट बोर्ड प्रशासन ने संपत्ति कर का भुगतान नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए सदर मेन रोड स्थित प्रसिद्ध प्रतिष्ठान “मधु कलश स्वीट्स” को सील कर दिया। बुधवार सुबह कैंट बोर्ड के राजस्व विभाग ने दुकान के बाहर नोटिस चस्पा करते हुए यह कार्रवाई की। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों में हड़कंप की स्थिति बन गई है।

राजस्व विभाग के अधिकारी आशीष वर्मा ने बताया कि कैंट बाजार क्षेत्र में कई ऐसे व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हो रहे हैं, जिन्होंने लंबे समय से संपत्ति कर का भुगतान नहीं किया था। कैंट बोर्ड के सीईओ राजीव कुमार के निर्देश पर इन बकायादारों को पहले मौखिक और लिखित सूचना दी गई थी तथा नोटिस भी जारी किए गए थे। इसके बावजूद निर्धारित समय सीमा में टैक्स जमा नहीं करने पर अब सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई के तहत मधु कलश स्वीट्स, संचालक रमेश गुप्ता और रजनीश गुप्ता, मकान नंबर 24-11, सदर मेन रोड को सील किया गया। साथ ही प्रतिष्ठान के बाहर चेतावनी नोटिस चस्पा कर आगे की कार्रवाई के लिए निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में कैंट बोर्ड ने रांझी मेन रोड स्थित मेमोरी लॉज, संचालक आरती जायसवाल, मकान नंबर 307 को भी बकाया टैक्स नहीं चुकाने के कारण सील कर दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post