Jabalpur News: नकबजन गिरफ्तार, 300 ग्राम चांदी के जेवर और ₹1.28 लाख नकद बरामद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जबलपुर क्राइम ब्रांच ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिला सिवनी के छपारा क्षेत्र में चोरी करने वाले एक नकबजन को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 300 ग्राम चांदी के जेवर और 1 लाख 28 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली कि हनुमानताल क्षेत्र का निवासी गुलफाम उर्फ गुड्डू पिता जब्बार खान (24 वर्ष), अपने साथियों के साथ सिवनी जिले में चोरी कर वापस जबलपुर आया है। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को टेढ़ी नीम, थाना हनुमानताल क्षेत्र से हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी साहिल चौधरी, फैज खान और ऐफाज के साथ मिलकर 28-29 जनवरी 2026 की रात सिवनी जिले के छपारा क्षेत्र में नकबजनी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए लगभग 8 तोला सोने के जेवर कांचघर स्थित सारिका ज्वेलर्स की दुकान में बेच दिए गए, जबकि चांदी के जेवर और नकदी आपस में बांट ली गई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 जोड़ी चांदी की पायल, 6 चांदी के कड़े, 6 चांदी की बिछिया (कुल वजन लगभग 300 ग्राम) और 1 लाख 28 हजार रुपये नकद बरामद किए। मामले की सूचना थाना छपारा, जिला सिवनी को दी गई, जिसके बाद थाना प्रभारी हेमेंद्र जैतवार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को अपने सुपुर्द लिया।

फिलहाल आरोपी के फरार साथियों साहिल चौधरी, फैज खान, ऐफाज और सारिका ज्वेलर्स के संचालक की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अपराध श्री शैलेष मिश्रा के निर्देशन में उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, सहायक उप निरीक्षक कैलाश मिश्रा, संतोष पांडे, प्रधान आरक्षक आनंद तिवारी, सत्यसेन तथा आरक्षक सतेंद्र और जयप्रकाश की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post