MP News: डीएफओ विपिन पटेल ने दिया इस्तीफा, निजी कारण बताए

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल\जबलपुर। मध्यप्रदेश कैडर के 2013 बैच के भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी और जबलपुर में डीएफओ (योजना) पद पर पदस्थ विपिन पटेल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे में निजी कारणों का हवाला दिया है।

विपिन पटेल ने 4 फरवरी 2026 को अपना त्यागपत्र पीसीसीएफ (प्रधान मुख्य वन संरक्षक) और हॉफ (हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स) को भेजा है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि वे आईएफएस सेवा से अनकंडीशनल इस्तीफा दे रहे हैं और सक्षम प्राधिकारी से अनुरोध किया है कि उनके इस्तीफे को स्वीकार करते हुए उन्हें सेवा से मुक्त किया जाए। इस्तीफे की प्रति वन विभाग के सचिव को भी भेजी गई है।

कई जिलों में रह चुके हैं डीएफओ

विपिन पटेल इससे पहले मध्यप्रदेश के कई जिलों में डीएफओ के रूप में कार्य कर चुके हैं। इनमें रीवा, दमोह, सतना और अनूपपुर शामिल हैं। वे वर्तमान में जबलपुर में डीएफओ (योजना) के पद पर कार्यरत थे।

सतना और अनूपपुर में रहे विवादित

अपने कार्यकाल के दौरान विपिन पटेल कई बार विवादों में भी रहे। अनूपपुर में डीएफओ रहते हुए उन्होंने 4 नवंबर को एक आदेश जारी किया था, जिसमें वन कर्मचारियों को दिए गए उच्च पदभार को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने और सभी कर्मचारियों को मूल पद पर लौटने के निर्देश दिए गए थे।

इस आदेश का कर्मचारी संगठनों ने विरोध किया था। मप्र कर्मचारी मंच ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा था कि इस तरह का आदेश जारी करने का अधिकार संबंधित डीएफओ को नहीं है। संगठन का कहना था कि इस तरह के आदेश जारी करने का अधिकार केवल सीसीएफ स्तर के अधिकारी को होता है।

लोकायुक्त में भी हुई शिकायत

विपिन पटेल के खिलाफ सागर में लोकायुक्त पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। बताया गया था कि वे सागर और सतना में पदस्थ रहते हुए भी विवादों में रहे। फिलहाल इस मामले की जांच लोकायुक्त में लंबित बताई जा रही है।

निजी कारणों से इस्तीफा

हालांकि, अपने इस्तीफे में विपिन पटेल ने किसी विवाद का उल्लेख नहीं किया है और निजी कारणों को ही इस्तीफे की वजह बताया है। अब उनके इस्तीफे पर अंतिम निर्णय सक्षम प्राधिकारी द्वारा लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post