दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना ओमती पुलिस ने राहगीरों से मोबाइल झपटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटे गए 6 मोबाइल फोन, मोबाइल बेचकर मिले नगद 2 हजार रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मोबाइलों की कुल कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 2 फरवरी 2026 को संजय गांधी नगर कैंट निवासी 18 वर्षीय शुभांगी यादव ने थाना ओमती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी बहन के साथ भंवरताल गार्डन स्थित चर्च के पास जा रही थी। तभी दोपहर करीब 2 बजे काले रंग की मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों में से पीछे बैठे युवक ने उसके हाथ से मोटोरोला कंपनी का मोबाइल झपट लिया और दोनों मौके से फरार हो गए। रिपोर्ट के आधार पर थाना ओमती में अपराध क्रमांक 65/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से पकड़ाए आरोपी
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता एवं नगर पुलिस अधीक्षक सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना पर पीली कोठी के पास दबिश देकर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अमन अंसारी (22) और अदनान अंसारी (21) निवासी किलकारी गार्डन, हनुमानताल बताए।
पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने भंवरताल गार्डन, ग्वारीघाट नर्मदा जयंती कार्यक्रम और जबलपुर रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर 6 के पास अलग-अलग लोगों से कुल 6 मोबाइल झपटने की वारदात कबूल की। आरोपियों ने बताया कि झपटे गए मोबाइल अपने साथियों शानू उर्फ इमरान अंसारी, मोहम्मद अफजल और गुड्डू उर्फ शमशाद अंसारी को बेच दिए थे और रकम आपस में बांट ली थी।
पुलिस ने सरगर्मी से तलाश कर शानू उर्फ इमरान अंसारी (20), मोहम्मद अफजल (22) और गुड्डू उर्फ शमशाद अंसारी (24) को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से झपटे गए सभी 6 मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और नगद राशि बरामद की गई। पुलिस अन्य मोबाइल मालिकों की पहचान करने में जुटी है।
न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल, सहायक उपनिरीक्षक भल्लूराम चौधरी, प्रधान आरक्षक देवेंद्र तथा आरक्षक मिथलेश, संतोष और सुनील पटेल की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur
