दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले में जुआ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत घमापुर, पनागर और बरगी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों पर छापा मारकर 22 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 5 हजार 165 रुपये नगद एवं ताश के पत्ते जब्त किए हैं।
घमापुर थाना पुलिस को बीती रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि न्यू कछियाना मोहल्ला स्थित पराग मैदान में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपए की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी, जहां बल्ब की रोशनी में जुआ खेलते 13 जुआरियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम विवेक रैकवार, तन्नू उर्फ प्रदीप नहार, अभिषेक ठाकुर, मनीष ठाकुर, साहिल ललपुरहा, करन चौधरी, दिनेश उर्फ देवेन्द्र वंशकार, आदित्य समुद्रे, राहुल रैकवार, मनोज यादव, अंश बहेलिया, वरुण प्रजापति एवं दिनेश समुद्रे बताया। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 हजार 880 रुपये नगद जब्त किए।
इसी तरह पनागर थाना पुलिस ने बरोदा तालाब के पास दबिश देकर आकाश पटेल सहित अन्य 3 जुआरियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों एवं जुआ फड़ से 1 हजार 575 रुपये नगद तथा 52 ताश के पत्ते जब्त किए। वहीं बरगी थाना पुलिस ने ग्राम जोगीधाना स्थित खेरमाई मंदिर के पास दबिश देकर महेंद्र उर्फ ओमकार साहू सहित अन्य 4 जुआरियों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों एवं जुआ फड़ से 710 रुपये नगद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए। तीनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।
