दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गोरखपुर पुलिस ने संगठित गिरोह बनाकर अवैध शराब का परिवहन और वितरण करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 72 पाव देशी शराब, 2 हजार रुपये नकद, एक तलवार, चार मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक एक्सिस वाहन जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया के मार्गदर्शन में थाना गोरखपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि गत दिवस पेट्रोलिंग के दौरान छोटी लाइन क्षेत्र में एक्सिस वाहन से जा रहे दो युवकों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सनी चौधरी (19) एवं रितिक चौधरी (21), निवासी पोलीपाथर बताया। वाहन की तलाशी लेने पर एक बैग में 72 पाव देशी शराब, जिसकी कीमत लगभग 7,600 रुपये है, बरामद हुई। पूछताछ में सनी चौधरी ने बताया कि वह पिछले एक वर्ष से विशाल यादव निवासी ग्वारीघाट के लिए अवैध शराब का परिवहन करता था और इसके बदले उसे 500 रुपये प्रतिदिन मिलते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मुख्य आरोपी विशाल यादव (35), निवासी ग्वारीघाट को भी बादशाह हलवाई मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन एवं एक तलवार बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार विशाल यादव शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व में हत्या, अवैध वसूली एवं आबकारी एक्ट सहित 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में अन्य आरोपियों सुमित अहिरवार, राज यादव और संजू उर्फ लंगड़ा पटेल की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक रावेंद्र तिवारी, आरक्षक अर्पित एवं दीपक भदौरिया की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur

