दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर से करीब 35 किलोमीटर दूर ग्राम मादा में एक शादी समारोह के दौरान डांस को लेकर हुआ विवाद एक व्यक्ति की जान ले गया। 40 वर्षीय सुनील अहिरवार की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सड़क किनारे लहूलुहान हालत में मिला
पुलिस के अनुसार, सुनील अहिरवार, निवासी ग्राम गौर हिनौती, बुधवार को अपने दोस्तों के साथ अहिरवार समाज के शादी समारोह में शामिल होने ग्राम मादा आया था। देर रात करीब 2 बजे उसके साथियों ने उसे सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ हालत में पाया। उसे तुरंत पाटन स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
डीजे पर डांस को लेकर हुआ था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बारात के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर सुनील का कुछ लोगों से विवाद हो गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत करा दिया और बारात आगे बढ़ गई। इसी दौरान सुनील भीड़ से अचानक गायब हो गया। बाद में जब उसके दोस्तों ने तलाश की, तो वह सड़क किनारे घायल अवस्था में मिला।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के साथियों व शादी में शामिल लोगों से पूछताछ की। एसडीओपी लोकेश डाबर ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
