MP News: कैमरे की निगरानी में छात्रा नकल करते पकड़ी गई, जैकेट से मिले 49 पन्ने

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। जिले में सोमवार को 12वीं कक्षा की बायोलॉजी परीक्षा के दौरान एक छात्रा को नकल करते हुए पकड़ा गया। कैमरों की निगरानी में संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर जांच की गई, जिसमें छात्रा की जैकेट से 49 पन्ने बरामद हुए। पन्नों के दोनों तरफ नकल सामग्री लिखी हुई थी। इसके बाद छात्रा के खिलाफ नकल का प्रकरण दर्ज कर उसकी बायोलॉजी विषय की परीक्षा रद्द कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 5286 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5174 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 112 अनुपस्थित रहे।

संभागीय अधिकारी मारुति सोमकुंवर ने बताया कि कई परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान शहर के हजीरा क्षेत्र स्थित के.एस.पी.एस. स्कूल के परीक्षा केंद्र में एक छात्रा की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं। वह परीक्षा कक्ष में आगे की पंक्ति में बैठी थी और बार-बार अपनी जैकेट में कुछ देख रही थी।

शंका के आधार पर अधिकारियों ने तुरंत कक्ष में पहुंचकर जांच की। तलाशी लेने पर छात्रा की जैकेट के अंदर से 49 पन्ने मिले। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित विषय की परीक्षा निरस्त कर दी गई।

बोर्ड के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, यदि कोई छात्र किसी एक विषय में नकल करते पकड़ा जाता है तो उस विषय की परीक्षा रद्द कर दी जाती है। वहीं, एक से अधिक परीक्षाओं में नकल पाए जाने पर सभी परीक्षाएं भी निरस्त की जा सकती हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post