Jabalpur News: गोसलपुर टोल के पास चलती कार में लगी आग

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर से करीब 30 किलोमीटर दूर गोसलपुर टोल नाके के पास सोमवार दोपहर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। टोल नाका पार करते ही वाहन से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

बताया जा रहा है कि कार जबलपुर से सिहोरा की ओर जा रही थी और उसमें दो लोग सवार थे। स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद दोनों सवार समय रहते वाहन से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और गोसलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, हालांकि तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन किसका था इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक अनुमान शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की ओर इशारा कर रहे हैं।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

Post a Comment

Previous Post Next Post