Jabalpur News: सुगम लोक परिवहन सेवा योजना के विरोध में बस ऑपरेटर एकजुट, 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। प्रदेश में प्रस्तावित मुख्यमंत्री सुगम लोक परिवहन सेवा योजना लागू होने से पहले ही निजी बस संचालकों ने इसका विरोध तेज कर दिया है। रविवार को सागर जिले के कर्रापुर स्थित एक निजी होटल में प्रदेशभर के बस ऑपरेटरों का सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

जबलपुर से बैठक में शामिल हुए जबलपुर आईएसबीटी बस ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल किशोर तिवारी (पिंटू) ने बताया कि मध्यप्रदेश बस ऑपरेटर ऑनर्स एसोसिएशन के आव्हान पर हुई बैठक में निर्णय लिया गया है कि यदि सरकार उनकी मांगें नहीं मानती है तो 2 मार्च से जबलपुर संभाग सहित पूरे प्रदेश में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।

बैठक में आईएसबीटी बस ऑपरेटर एसोसिएशन के पदाधिकारी वीरेन्द्र साहू, नसीम बेग, उदयचंद जैन, कल्याण नियोगी, अजय पाठक, प्रहलाद छुगानी, संजय समाधिया, नरेश रजक, पप्पू खम्परिया, दीपेन्द्र डोंगरे, दिलीप मंगलानी, माजिद खान, जावेद खान, टिंकू रोहाणी, नौशाद, धन्नू जैन, संतोष शर्मा, बलवंत सिंह, संदीप जैसवाल व संजय शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में दो प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की गई। पहला, सरकार द्वारा प्रस्तावित नई परिवहन नीति को तत्काल वापस लेने की मांग। दूसरा, बारात परमिट पर बढ़ाए गए टैक्स को वापस लेने की मांग। बस संचालकों का कहना है कि नई नीति और बढ़ा हुआ कर उनके व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा।

निर्णय लिया गया कि इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 2 मार्च से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। जबलपुर संभाग में भी इसी दिन से बसों के पहिए थम सकते हैं, जिससे आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post