Jabalpur News: कमानिया गेट पर पुरानी रंजिश के चलते युवक पर चाकू से हमला, घायल मेडिकल कॉलेज में भर्ती

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक को पहले  विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सौरभ अहिरवार (19 वर्ष), निवासी चेरीताल, कन्याशाला के पीछे, कमानिया गेट स्थित भारत कैप हाउस दुकान में काम करता है। बीती शाम करीब 5 बजे वह दुकान के बाहर बैठकर ग्राहकों को बुला रहा था। तभी करीब 5:15 बजे यश बैन वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उस पर चाकू से हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने सौरभ की पीठ पर वार किया। युवक के गिर जाने पर उसके बाएं पैर में भी चाकू से चोट पहुंचाई गई। घायल सौरभ ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी को बचपन से जानता है और दोनों के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हो चुका था। उसी रंजिश के चलते आरोपी ने हमला किया। सौरभ के अनुसार आरोपी पहले भी उसे जान से मारने की धमकी दे चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) एवं 296(बी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post