MP News: ग्वालियर में बुजुर्ग किसान की पिटाई के बाद मौत, समधी और उसके बेटों ने दो दिन पहले बेरहमी से पीटा था

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दो दिन पहले हुई बेरहमी से मारपीट के बाद एक 64 वर्षीय बुजुर्ग किसान की रविवार रात मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेंद्र सिंह गुर्जर निवासी डबका हस्तिनापुर के रूप में हुई है। परिजनों ने समधी और उसके बेटों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।

ओवरटेक कर रोका, फिर की मारपीट

घटना 20 फरवरी की दोपहर करीब 12:30 बजे बेहट रोड स्थित मोहनपुर पुल से 50 मीटर पहले की है। जानकारी के अनुसार राजेंद्र सिंह बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, तभी बोलेरो सवार उनके समधी पुलंदर गुर्जर ने वाहन ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि पुलंदर गुर्जर, उसके बेटे रामू और सुनील तथा तीन अज्ञात युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने मिलकर बुजुर्ग को सड़क पर पटक दिया और लात-घूंसों व डंडों से बेरहमी से पीटा। हमलावर मौके से फरार हो गए।

पहले दर्ज हुई थी मारपीट की शिकायत

घायल किसान ने बेटे अरविंद गुर्जर को सूचना दी। इसके बाद वह मुरार थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया और पुलंदर, रामू, सुनील सहित छह लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया था। उस समय चोटें गंभीर प्रतीत नहीं हुई थीं और किसान घर लौट गया था।

हालत बिगड़ी, अस्पताल में मौत

रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें मुरार स्थित जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां रात करीब 11 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार अंदरूनी चोटें मौत का कारण हो सकती हैं, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद बढ़ेगी कार्रवाई

मौत की सूचना मिलते ही सीएसपी अतुल कुमार सोनी और थाना प्रभारी मैना पटेल पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। परिजन हत्या का मामला दर्ज करने पर अड़े रहे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चूंकि मारपीट के दो दिन बाद मौत हुई है, इसलिए पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट आने के बाद धाराओं में बढ़ोतरी कर हत्या का प्रकरण दर्ज किया जा सकता है।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post