दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के दावों के बीच एक चिंताजनक मामला सामने आया है। तिलवारा क्षेत्र की एक छात्रा ने दो युवकों पर पिछले दो-तीन साल से लगातार उसे परेशान करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। छात्रा का कहना है कि वह इतनी प्रताड़ित हो चुकी है कि उसने दो बार आत्महत्या की कोशिश की।
छात्रा ने बताया कि जब वह स्कूल जाती है, तब सिद्धांत दुबे और लवि तिवारी नाम के दो युवक उसका रास्ता रोकते हैं। आरोप है कि वे अक्सर उसकी गाड़ी का एक्सीडेंट करवाते हैं, उसे अश्लील फोटो दिखाते हैं और जबरदस्ती कहीं बाहर ले जाने का दबाव डालते हैं। मना करने पर ये युवक उसके परिवार और भाई को जान से मारने की धमकी भी देते हैं।
छात्रा ने पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा ने आरोप लगाया कि आरोपी के पिता पुलिस विभाग में हैं और इसका फायदा उठा रहे हैं। पिछले दो महीनों से न्याय के लिए भटक रही छात्रा ने अब अपनी मां के साथ एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने पीड़िता को आश्वासन दिया है कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला न केवल मनचलों की बढ़ती दबंगई को उजागर करता है, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ा करता है।
Tags
jabalpur
