Jabalpur News: जनसुनवाई में अवैध अतिक्रमण की शिकायत, स्कूल की जमीन पर कार बाजार संचालित होने का आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नगर निगम जबलपुर में आज मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान नर्मदा रोड स्थित एक स्कूल और छात्रावास की जमीन पर अवैध अतिक्रमण और व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता आशीष साहू ने आयुक्त नगर निगम रामप्रकाश अहिरवार को लिखित शिकायत सौंपकर अवैध निर्माण हटाने और संबंधित कार बाजार का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है।

शिकायत में बताया गया है कि पं. बनारसी दास भानोट वार्ड के अंतर्गत नर्मदा रोड मुख्य मार्ग पर स्थित मकान नंबर 1433 और 1434 नगर निगम के रिकॉर्ड में दर्ज हैं। यहां मेथोडिस्ट चर्च इन इंडिया द्वारा संचालित स्नेह निकेतन स्कूल और छात्रावास में मंदबुद्धि एवं दिव्यांग बच्चों के लिए शिक्षा और आवास की व्यवस्था की गई थी, जो कई वर्षों से संचालित हो रहा था।

आरोप है कि बाद में भू-माफियाओं द्वारा स्कूल और छात्रावास की मुख्य मार्ग से लगी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर टू-वेलू कार बाजार नाम से शोरूम संचालित किया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार इस जमीन का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए करना भूमि आवंटन नियमों का उल्लंघन है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि कार बाजार संचालकों ने स्कूल और छात्रावास की भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण किया है, जिससे वहां पढ़ने और रहने वाले दिव्यांग बच्चों की पढ़ाई और शांतिपूर्ण वातावरण प्रभावित हो रहा है।

शिकायतकर्ता ने नगर निगम से मांग की है कि संबंधित कार बाजार का लाइसेंस तत्काल निरस्त किया जाए और अवैध अतिक्रमण को हटाते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इस मामले में शिकायतकर्ता द्वारा पूर्व में 5 दिसंबर 2024, 16 दिसंबर 2024 और 30 जून 2025 को भी शिकायतें की जा चुकी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post