Jabalpur News: शातिर बदमाश मुकेश उर्फ मुक्कू पटेल एनएसए में गिरफ्तार, केन्द्रीय जेल भेजा गया

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस ने शहर में दहशत फैलाने वाले एक और शातिर बदमाश के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुकेश उर्फ मुक्कू पटेल को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत गिरफ्तार कर केन्द्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के प्रतिवेदन पर जिला दण्डाधिकारी राघवेन्द्र सिंह द्वारा जारी वारंट के आधार पर की गई।

मदनमहल थाना प्रभारी धीरज राज के अनुसार मुकेश उर्फ मुक्कू पटेल, उम्र 29 वर्ष, निवासी मेहता पेट्रोल पम्प के सामने मछली मार्केट के पास, थाना मदनमहल क्षेत्र का रहने वाला है और वर्ष 2013 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। आरोपी के विरुद्ध मारपीट, हत्या का प्रयास, लूट, अवैध वसूली, जुआ, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित कुल 39 अपराध दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी की आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बना हुआ था। लोग उसके डर से शिकायत करने और सूचना देने से भी कतराते थे। समय-समय पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद आरोपी के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ और वह लगातार अपराध करता रहा।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रीतेश कुमार शिव के मार्गदर्शन में आरोपी के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई का प्रकरण तैयार कर जिला दण्डाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जिला दण्डाधिकारी द्वारा आरोपी की गंभीर आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए एनएसए के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।

इसके बाद थाना मदनमहल पुलिस ने आरोपी मुकेश उर्फ मुक्कू पटेल को विधिवत गिरफ्तार कर केन्द्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध करा दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post