दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोरखपुर एवं क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 किलो 380 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 19 हजार रुपये बताई गई है।
गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि क्राइम ब्रांच को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि नयागांव जंगल रोड पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा है, जिसके पास दो पिट्ठू बैग हैं—एक पीठ पर और दूसरा हाथ में। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और थाना गोरखपुर की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आदित्य उर्फ आदी विश्वकर्मा (उम्र 19 वर्ष) निवासी सिंधी कैंप, भवानी चौक, थाना हनुमानताल बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के लोवर की जेब से 210 रुपये नकद तथा दोनों पिट्ठू बैग से कुल 10 पैकेटों में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर गांजा का कुल वजन 10 किलो 380 ग्राम पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख 19 हजार रुपये है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और नकदी जब्त कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि गांजा उसे कहां से और किस माध्यम से प्राप्त हुआ।
Tags
jabalpur
