Jabalpur News: कुख्यात सटोरिया रीतेश ‘चूना’ सहित 6 आरोपी गिरफ्तार, 31 हजार से अधिक नकदी जब्त

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में अवैध सट्टा कारोबार पर नकेल कसते हुए क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त टीमों ने बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुख्यात सटोरिया रीतेश चौकसे उर्फ चूना समेत 6 आरोपियों को सट्टा लिखते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 31 हजार 640 रुपये नकद, सट्टा पट्टी, रसीद बुक, कैलकुलेटर और अन्य सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ सट्टा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सदर में रीतेश ‘चूना’ पकड़ा गया

थाना केंट प्रभारी पुष्पेंद्र पटले ने बताया कि 11 मार्च को क्राइम ब्रांच और थाना केंट की संयुक्त टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सदर की गली नंबर 16 में रीतेश उर्फ चूना चौकसे (36) अपने घर के बाहर कागज पर सट्टा लिखता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने कागज फाड़ने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान उसके पास से 2 सट्टा पट्टी, पेन, फटी हुई सट्टा पट्टी के 14 टुकड़े और 13,510 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार रीतेश चौकसे पुराना सटोरिया है और उसके खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट और सट्टा एक्ट सहित 39 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

भानतलैया में सट्टा लिखता युवक और संचालक गिरफ्तार

थाना बेलबाग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भानतलैया पानी की टंकी के पास एक युवक सट्टा पट्टी लिख रहा है। दबिश देने पर रोहित सोनकर (19) को रंगे हाथ पकड़ा गया। उसके पास से सट्टा रसीद बुक और 7,100 रुपये बरामद हुए।

पूछताछ में रोहित ने बताया कि वह शेखर सोनकर (45) के कहने पर सट्टा लिखता था और इसके बदले उसे रोजाना 300 रुपये मजदूरी मिलती थी। इसके बाद पुलिस ने शेखर सोनकर को भी गिरफ्तार कर लिया। शेखर के खिलाफ पहले से मारपीट और आबकारी एक्ट सहित 16 मामले दर्ज हैं।

इंदिरा मार्केट में तीन सटोरिये पकड़े गए

थाना सिविल लाइन और क्राइम ब्रांच की टीम ने पावर हाउस स्थित इंदिरा मार्केट में दबिश देकर  निखिल सोनकर (36) निवासी घमापुर – 9,030 रुपये और सट्टा सामग्री जब्त, कमलेश सेन (45) निवासी घमापुर – 870 रुपये और सट्टा पट्टी जब्त और अशोक कलार (34) निवासी गोरखपुर – 1,130 रुपये और सट्टा पट्टी जब्त को पकड़ा। तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 4(क) सट्टा एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post