दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) बैतूल। मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की बेटी सुरभि खंडेलवाल (34) का बुधवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थीं और एक स्पेशल चाइल्ड थीं। दोपहर करीब 12 बजे उनकी अचानक तबीयत बिगड़ी और कुछ ही देर में उनका निधन हो गया।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया के जरिए सुरभि के निधन की जानकारी दी और शोक व्यक्त किया।
फिजियोथेरेपी के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे सुरभि की रूटीन फिजियोथेरेपी हुई थी। इलाज के बाद वे मुस्कुराईं और वहां मौजूद लोगों से इशारों में बातचीत भी की। कुछ देर बाद उन्होंने खाना भी खाया, लेकिन इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और दोपहर करीब 12 बजे हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया।
लंबे समय से चल रहा था इलाज
आचार्य विवेक जैन ने बताया कि सुरभि का काफी समय से एक्यूपंक्चर, एक्यूप्रेशर और नेचुरोपैथी से इलाज चल रहा था। उनके शरीर में अकड़न रहती थी, जिसके इलाज से उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ था और वे चलने-फिरने भी लगी थीं। उन्होंने बताया कि सुरभि बोल नहीं पाती थीं, लेकिन हाव-भाव से सब कुछ समझती थीं और इशारों में बातचीत करती थीं।
बैतूल में हुआ अंतिम संस्कार
बेटी के निधन की खबर मिलते ही हेमंत खंडेलवाल भोपाल से बैतूल पहुंचे। शाम 5 बजे बैतूल गंज स्थित निवास से अंतिम यात्रा निकाली गई, जो कोठी बाजार मोक्षधाम पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कई नेता अंतिम संस्कार में हुए शामिल
इस दौरान पूर्व विधानसभा स्पीकर सीताशरण शर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, बीजेपी ऑफिस मंत्री श्याम महाजन, शैलेंद्र बैरवा, प्रदेश मीडिया इंचार्ज आशीष अग्रवाल, विधायक आशीष शर्मा और OBC मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार सहित कई लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया शोक
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि सुरभि खंडेलवाल का बीमारी के कारण निधन अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
Tags
madhya pradesh
