दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद हो गया। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने युवक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार संदीपन शर्मा (40) निवासी लालजी किराना स्टोर के पास मानेगांव ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बीती रात करीब 9 बजे वह अपनी मां सुधा शर्मा के लिए खाना लेने दुकान जा रहा था। जब वह गांधी चौक पहुंचा, तभी वहां मौजूद समीर लूटले नाम के युवक ने उसे बुलाया और शराब पीने के लिए एक हजार रुपये मांगने लगा।
संदीपन द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान समीर लूटले ने सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया, जिससे संदीपन के कान में चोट आ गई। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर रांझी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296(बी), 119(1) और 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
