Jabalpur News: एक करोड़ की प्रॉपर्टी बनी हत्या की वजह, इंजीनियर क्लेरेंस मर्डर केस में बड़ा खुलासा; दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिविल इंजीनियर क्लेरेंस उर्फ राजा की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में आरोपी नजर आए हैं, जिनकी पहचान के प्रयास जारी हैं।

प्रॉपर्टी विवाद बना हत्या की जड़

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे छत्तीसगढ़ के रायपुर में करीब 1 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी का विवाद मुख्य कारण हो सकता है। पुलिस के अनुसार, इसी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

मामा और उसके बेटे पर शक गहराया


जानकारी के मुताबिक, प्रॉपर्टी डील में क्लेरेंस के रिश्ते के मामा नेल्सन और उनके बेटे प्रिंस की भूमिका थी। पहले कमीशन को लेकर सहमति बनी, लेकिन बाद में पार्टनरशिप को लेकर विवाद बढ़ गया। क्लेरेंस के भाई ने दोनों पर हत्या में संलिप्तता का शक जताया है।

कई दिनों से कर रहे थे रेकी

सीएसपी सतीश कुमार साहू के अनुसार, आरोपी कई दिनों से क्लेरेंस की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। गुरुवार सुबह जब क्लेरेंस अपने बेटे को स्कूल छोड़ने निकला, तब भी उसका पीछा किया गया, लेकिन बच्चे के साथ होने के कारण हमला नहीं किया गया। लौटते समय अकेला देखकर बदमाशों ने गोली मार दी।

क्लेरेंस ने प्रॉपर्टी विवाद को लेकर रायपुर कोर्ट में केस दर्ज किया था। परिजनों के अनुसार, उस पर केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था। एक सप्ताह पहले वीडियो कॉल के जरिए उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

छिंदवाड़ा कनेक्शन भी आया सामने


जांच में छिंदवाड़ा के रोहित और भानू का नाम भी सामने आया है, जिन्होंने उसी प्रॉपर्टी पर एग्रीमेंट किया था। इस मामले में दस्तावेजों को लेकर विवाद और शिकायतें भी दर्ज कराई गई थीं।

चार टीमें जांच में जुटी, जल्द खुलासा संभव

पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। रांझी पुलिस और क्राइम ब्रांच की चार टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post