दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र के सालीवाड़ा गांव में हुए दर्दनाक नहर हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। रील बनाने के दौरान तेज बहाव में बहने वाली तीनों युवतियों की मौत हो गई। शनिवार को 18 वर्षीय तनु पटेल का शव भी घटनास्थल से कुछ दूरी पर नहर में बरामद कर लिया गया।
पहले दो शव मिले, अब तीसरी की भी पुष्टि
इससे पहले शुक्रवार को शीतल पटेल (16) और सानिया पटेल (14) के शव करीब एक किलोमीटर दूर नहर से बरामद किए गए थे। शनिवार को तनु का शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या तीन हो गई है।
शादी में आई थीं पांच लड़कियां
जानकारी के अनुसार, गोर निवासी पटेल परिवार की पांच लड़कियां सालीवाड़ा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे सभी नहर किनारे पहुंचीं।
रील बनाते समय हुआ हादसा
चार लड़कियां नहर में उतरकर नहा रही थीं, जबकि एक किनारे खड़ी होकर मोबाइल से रील बना रही थी। इसी दौरान अचानक नहर का तेज बहाव चारों को बहा ले गया।
एक को बचाया, तीन की गई जान
मौके पर मौजूद लड़की ने साहस दिखाते हुए एक किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बाकी तीन लड़कियां बह गईं और उनकी मौत हो गई।
तीन घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और होमगार्ड की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दो शव बरामद किए गए, जबकि तीसरी युवती की तलाश जारी रही।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण डूबना बताया जा रहा है।
परिवार में कोहराम, गांव में शोक की लहर
घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बच्चियों के शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में गहरा शोक छा गया।
Tags
jabalpur
