Jabalpur News: एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खाते से पैसे उड़ाने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार; 66 एटीएम कार्ड, स्कूटी और सोने की झुमकी जब्त

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से पैसे निकालने वाले एक शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना गोरखपुर और थाना केन्ट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से 66 एटीएम कार्ड, 5500 रुपए नगद, जुपिटर स्कूटी, सोने की झुमकी समेत लाखों रुपए की धोखाधड़ी का खुलासा किया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम विनोद गौतम (28) पिता दालचंद गौतम निवासी तिलक वार्ड, रेलवे स्टेशन के पास जिला सिवनी है। आरोपी लोगों को एटीएम से पैसे निकालने में मदद करने के बहाने बातों में उलझाता था और मौका देखकर उनका एटीएम कार्ड बदलकर खाते से रकम निकाल लेता था।

कई थानों में दर्ज थे मामले

आरोपी के खिलाफ जबलपुर के अलग-अलग थानों में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने के चार मामले दर्ज थे। थाना गोरखपुर, केन्ट, ओमती और बेलबाग में दर्ज प्रकरणों में आरोपी ने कई लोगों के खातों से लाखों रुपए निकाल लिए थे।

थाना गोरखपुर क्षेत्र में 80 वर्षीय बी.एस. सिडाम के खाते से 1 लाख 6 हजार रुपए, केन्ट थाना क्षेत्र में रोहित सेन के खाते से 59 हजार 300 रुपए, ओमती थाना क्षेत्र में रसीद उद्दीन के खाते से 1 लाख 18 हजार 80 रुपए और बेलबाग थाना क्षेत्र में विजय कुमार चौधरी के खाते से 47 हजार रुपए की धोखाधड़ी की गई थी।

फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया तथा सीएसपी केन्ट उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। बैंक एटीएम के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने लोगों के एटीएम कार्ड बदलकर पैसे निकालने की बात स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 66 एटीएम कार्ड, घटना में प्रयुक्त जुपिटर स्कूटी (कीमत करीब 1 लाख रुपए), सोने की झुमकी (करीब 55 हजार रुपए) और 5500 रुपए नगद बरामद किए गए हैं। साथ ही धोखाधड़ी से प्राप्त 3 लाख 68 हजार रुपए की राशि भी होल्ड कराई गई है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अन्य मामलों में पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड लेने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गोरखपुर नितिन कमल, थाना प्रभारी केन्ट पुष्पेंद्र पटले, उप निरीक्षक चन्द्रभान सिंह, प्रधान आरक्षक नितिन जोशी, आरक्षक अनूप सिंह, श्याम सुंदर, प्रधान आरक्षक राजेश शर्मा और सायबर सेल के आरक्षक अरविंद सूर्यवंशी की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post