दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के शिव शक्ति चौराहे में आज गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अज्ञात बदमाशों ने एक सिविल इंजीनियर को गोली मार दी। घटना सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है, जब लोग अपने-अपने काम पर निकल रहे थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक क्लेरिंस उर्फ राजा (निवासी रांझी) पेशे से सिविल इंजीनियर है। वह बाइक से रांझी की ओर जा रहा था, तभी दूसरी बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे। दोनों हमलावरों ने अपने चेहरे ढक रखे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने बेहद करीब से क्लेरिंस के सिर पर गोली मारी और मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसके चलते उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने के लिए प्रयासरत है।
पुलिस मौके पर, CCTV खंगाल रही जांच टीम
सूचना मिलते ही रांझी सीएसपी सतीश साहू और थाना प्रभारी उमेश गोलहनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
हमलावर फरार, तलाश जारी
गोली मारने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है।
इलाके में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
दिनदहाड़े इस तरह की वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग दहशत में हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।
