दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल विरासत स्पा सेंटर पर दबिश देकर संचालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल संचालक सुखदेव पटेल, निवासी ग्राम घुघरी, अपने होटल में बाहर से महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों को उपलब्ध कराता है और इस अवैध गतिविधि के बदले प्रति ग्राहक 700 रुपये वसूलता है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने पंटर भेजकर योजना के तहत कार्रवाई की।
जैसे ही पंटर का इशारा मिला, थाना प्रभारी गाजीवती पुसाम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। काउंटर पर मौजूद संचालक सुखदेव पटेल को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान काउंटर से पंटर को दिए गए हस्ताक्षरित 500 रुपये का नोट और 100-100 रुपये के दो नोट बरामद किए गए। साथ ही कंडोम के पैकेट और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी मिली।
इसके बाद होटल के कमरों की तलाशी ली गई। कमरे नंबर 2 में एक पुरुष और एक महिला आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पूछताछ में पुरुष ने अपना नाम रामजी पटेल निवासी देवरी पनागर बताया। महिला ने बताया कि उसे जबलपुर से बुलाया जाता है और प्रति ग्राहक 500 रुपये दिए जाते हैं।
रामजी पटेल ने भी स्वीकार किया कि वह लड़की के लिए होटल आया था और संचालक ने उससे 700 रुपये लेकर महिला उपलब्ध कराई।
पुलिस ने कमरे नंबर 3 की तलाशी में एक अन्य महिला को भी बरामद किया, जिसने भी यही जानकारी दी कि उसे ग्राहकों के लिए बुलाया जाता है और प्रति ग्राहक 500 रुपये मिलते हैं।
पुलिस ने आरोपी संचालक सुखदेव पटेल और ग्राहक रामजी पटेल के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 8 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी जांच कर रही है।
Tags
jabalpur
