MP News: रिश्वतखोरी पर लोकायुक्त का बड़ा प्रहार, PWD के 3 अफसर रंगे हाथ गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में लोक निर्माण विभाग (PWD) में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। लोकायुक्त टीम ने मंगलवार को विभाग के तीन अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।

लोकायुक्त टीम ने कार्यपालन यंत्री जयदेव गौतम को उनके शासकीय निवास से 1.50 लाख रुपए रिश्वत लेते हुए पकड़ा। वहीं अनुविभागीय अधिकारी टीके जैन को कार्यालय परिसर में 1 लाख रुपए लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

उपयंत्री अंशु दुबे ने भी 1 लाख रुपए की मांग की थी, लेकिन पूरी राशि उपलब्ध न होने के कारण उसने रिश्वत नहीं ली। इस पूरी कार्रवाई में कुल 2.50 लाख रुपए की रकम जब्त की गई है।

धार निवासी ठेकेदार राजपाल सिंह पंवार की फर्म ने मैथवाड़ा फोरलेन पहुंच मार्ग का काम 4.73 करोड़ रुपए में लिया था, जिसे 4.51 करोड़ रुपए में पूरा किया गया। आरोप है कि अंतिम बिल पास करने के बदले अधिकारियों ने 3.50 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।

ठेकेदार की शिकायत पर लोकायुक्त ने मामले का सत्यापन किया, जो सही पाया गया। इसके बाद ट्रैप टीम का गठन कर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।

यह पूरी कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के निर्देश पर की गई। ट्रैप टीम में टीआई आशुतोष मिठास, प्रतिभा तोमर और विवेक मिश्रा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post