शादी में बवाल: घर में घुसी पुलिस, बारातियों पर बरसी लाठियां, दूल्हा-दुल्हन को ले गई थाने

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कटनी। जिले के कुठला थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब देर रात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बारातियों और परिजनों पर लाठीचार्ज कर दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी लोगों को बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं।

रात ढाई बजे तक चला हंगामा, सुबह 4 बजे छूटे दूल्हा-दुल्हन

घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस कार्रवाई के दौरान दूल्हा, दुल्हन और उसके भाई को थाने ले जाया गया। परिजनों की काफी मिन्नतों के बाद उन्हें सुबह करीब 4 बजे छोड़ा गया, जिसके बाद शादी की रस्में पूरी हो सकीं।

14 लोग घायल, महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने घर में घुसकर भी मारपीट की। इस दौरान महिलाओं और बच्चों को भी लाठियों से पीटा गया। इस घटना में कुल 14 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दुल्हन के भाई आकाश चौधरी और दूल्हे के चाचा के हाथ फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। कई लोगों के सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं।

VIDEO में दिखी बर्बरता, पुलिस पर कुर्सियां और लोटा फेंका गया

घटना के वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी बारातियों पर लाठियां बरसाते नजर आ रहे हैं। वहीं कुछ लोग बचाव में पुलिस पर कुर्सियां फेंकते दिखे। एक अन्य वीडियो में दूल्हा-दुल्हन समेत कुछ लोगों को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाते हुए भी देखा गया। इसी दौरान एक व्यक्ति ने लोटा फेंका, जो एक कॉन्स्टेबल को जा लगा।

जानकारी के मुताबिक, मैहर जिले से आ रही बारात रास्ते में गाड़ी खराब होने के कारण करीब 2 घंटे लेट हो गई थी। रात करीब 1:30 बजे जब बारात दुल्हन के घर के पास पहुंची, तभी पुलिस मौके पर पहुंच गई।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने बिना बातचीत के ही धक्का-मुक्की शुरू कर दी, जिससे विवाद बढ़ गया।

नशे में बारातियों ने किया पथराव : पुलिस

सीएसपी नेहा पच्चीसिया के अनुसार, बारात लेट होने पर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि कई लोग नशे में थे और उन्होंने पुलिस पर पथराव व मारपीट की, जिसमें 4-5 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

दो एसआई लाइन अटैच, जांच जारी

मामले की शिकायत मंगलवार को एसपी कार्यालय में की गई, जिसके बाद एएसपी अभिनव विश्वकर्मा ने एसआई सिद्धार्थ राय और एसआई सौरभ सोनी को लाइन अटैच कर दिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post