दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के व्यस्ततम दीनदयाल चौक पर सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब युवक चलती बस में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक सिवनी जिले के लखनादौन का निवासी बताया जा रहा है। वह दीनदयाल बस स्टैंड पर अपने गंतव्य के लिए बस का इंतजार कर रहा था। जैसे ही एक बस वहां से गुजरी, युवक ने चलती बस में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने के कारण वह सीधे सड़क पर गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गिरते ही युवक बस के पिछले पहिए की चपेट में आ गया। बस का भारी पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा इतना भयावह था कि वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की खबर मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल अस्पताल रवाना किया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की और लखनादौन में उनके परिजनों को सूचना दे दी है।
