Jabalpur Breaking News: भीषण गर्मी का असर, नर्सरी से 5वीं तक के स्कूल 30 अप्रैल तक बंद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर जिले में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर के आदेश पर जिले के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में प्री-प्रायमरी से कक्षा 5वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि ग्रीष्म ऋतु में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे पहले 18 अप्रैल को जारी आदेश के तहत सभी स्कूलों का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया था।

मध्यप्रदेश शासन, स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुसार, यदि तापमान 42 डिग्री से अधिक रहता है तो जिला कलेक्टर को प्री-प्रायमरी से कक्षा 5वीं तक की कक्षाएं बंद करने का अधिकार है। वर्तमान में जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

हालांकि, इस अवधि में शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रहकर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य संपादित करेंगे। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को तेज गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।

Post a Comment

Previous Post Next Post