MP News: जबलपुर-कटनी रेल ट्रैक पर मिली युवक की क्षत-विक्षत लाश, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कटनी। जबलपुर-कटनी रेल ट्रैक पर एक युवक की क्षत-विक्षत हालत में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव की पहचान माधवनगर के ग्राम चरवाही निवासी इंद्रजीत पटेल के रूप में की गई। घटना की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने युवक की हत्या कर शव को ट्रैक पर फेंके जाने की आशंका जताई है।

परिजनों के अनुसार, इंद्रजीत 21 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे ग्राम जुहला में रिश्तेदारी में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

गुरुवार सुबह रेल पटरी के बीच इंद्रजीत का क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया गया है।

परिजनों का कहना है कि इंद्रजीत समारोह में खुशी-खुशी गया था और उसकी मौत सामान्य हादसा नहीं हो सकती। उन्होंने मामले को सुनियोजित हत्या बताते हुए पुलिस से गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post