दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंजूरी के बाद सरकार ने आदेश जारी करते हुए पूर्व विधायक कैलाश जाटव को अनुसूचित जाति आयोग और पूर्व विधायक रामलाल रौतेल को अनुसूचित जनजाति आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
अनुसूचित जाति आयोग में अध्यक्ष के रूप में कैलाश जाटव के साथ रामलाल मालवीय और बारेलाल अहिरवार को सदस्य बनाया गया है। जाटव इससे पहले अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्ष 2013 में नरसिंहपुर जिले की गोटेगांव सीट से विधायक निर्वाचित हुए थे। वहीं अनुसूचित जनजाति आयोग में रामलाल रौतेल दूसरी बार अध्यक्ष बने हैं। इससे पहले वे वर्ष 2010 में भी इस पद पर रह चुके हैं। आयोग में भगत नेताम और मंगल सिंह धुर्वे को सदस्य नियुक्त किया गया है।
इसी के साथ राज्य महिला आयोग और बाल संरक्षण आयोग में भी नियुक्तियों का रास्ता साफ हो गया है। सूत्रों के अनुसार महिला आयोग के अध्यक्ष पद के लिए पूर्व विधायक रेखा यादव के नाम पर सहमति बनी है, जबकि साधना स्थापक और समीक्षा गुप्ता को सदस्य बनाया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि राज्य महिला आयोग में करीब छह साल बाद नियुक्तियां होने जा रही हैं, क्योंकि पूर्व में यह मामला कानूनी विवाद में उलझा रहा था।
बाल संरक्षण आयोग के लिए डॉ. निवेदिता शर्मा को अध्यक्ष बनाए जाने की तैयारी है। उनके साथ सोनम निनामा, अर्चना गुप्ता, मोनिका बट्टी और सीमा सिंह को सदस्य नियुक्त किए जाने पर सहमति बनी है।
जानकारी के मुताबिक बीजेपी ने आयोगों और प्राधिकरणों के लिए 23 नामों की सूची दिल्ली भेजी थी, जिसे अंतिम रूप दिए जाने के बाद अब नियुक्तियों की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही संकेत दे चुके थे कि इस बार आयोगों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों की पूरी टीम एक साथ घोषित की जाएगी।
Tags
madhya pradesh
