दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के घमापुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है, जहां दो बदमाशों ने एक युवक को रोककर मारपीट करते हुए मोबाइल और सोने की चेन लूट ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।पुलिस के अनुसार पीयूष सिंह राजपूत (20), निवासी गुरुद्वारे के पीछे रांझी, ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सागर ज्वेलरी में काम करता है। सुबह करीब 10:05 बजे वह रसल चौक से बिरयानी लेकर एक्टिवा से रांझी लौट रहा था।इसी दौरान पाटबाबा रोड पर जीसीएफ गार्ड चौकी के पहले सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार दो युवकों ने उसकी गाड़ी अड़ाकर उसे रोक लिया।
बदमाशों ने उससे मोबाइल और सोने की चेन की मांग की और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। एक आरोपी ने उसका हाथ मरोड़ दिया, जबकि पीले रंग की टी-शर्ट पहने दूसरे युवक ने उसके मुंह पर मुक्का मारा। इसके बाद बदमाश उसके गले से करीब 2.5 ग्राम सोने की चेन और रियलमी 12 प्रो प्लस 5G मोबाइल लूटकर फरार हो गए। हमले में पीड़ित को सिर और नाक के पास चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
