दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश में लंबे समय से लंबित आयोगों में नियुक्तियों को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, राज्य महिला आयोग और बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष व सदस्यों के नामों पर मुहर लगा दी है। सूत्रों के अनुसार, एक-दो दिन में इन नियुक्तियों का आधिकारिक ऐलान किया जा सकता है।
अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पद के लिए पूर्व विधायक कैलाश जाटव का नाम लगभग तय माना जा रहा है। वहीं रामलाल मालवीय और बारेलाल अहिरवार को सदस्य बनाया जा सकता है। जाटव पहले अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और 2013 में गोटेगांव से विधायक भी रहे हैं।
करीब 6 साल बाद राज्य महिला आयोग में भी नियुक्तियां होने जा रही हैं। पूर्व विधायक रेखा यादव को अध्यक्ष बनाए जाने पर सहमति बनी है। वहीं साधना स्थापक और समीक्षा गुप्ता को सदस्य बनाए जाने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि 2020 में सरकार बदलने के बाद यह पद विवादों में फंस गया था।
अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष के रूप में पूर्व विधायक रामलाल रौतेल का नाम तय हुआ है। वे पहले भी इस पद पर रह चुके हैं। भगत नेताम और मंगल सिंह धुर्वे को सदस्य बनाए जाने की चर्चा है।
बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष पद के लिए डॉ. निवेदिता शर्मा के नाम पर सहमति बनी है। उनके साथ सोनम निनामा, अर्चना गुप्ता, मोनिका बट्टी और सीमा सिंह को सदस्य बनाए जाने की तैयारी है।
बताया जा रहा है कि बीजेपी ने आयोगों और निगम-मंडलों के लिए 23 नाम दिल्ली भेजे थे, जिनमें से फाइनल सूची वापस आ चुकी है। मुख्यमंत्री ने संकेत दिए हैं कि इस बार अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों के नाम एक साथ घोषित किए जाएंगे।
Tags
madhya pradesh
