Jabalpur News Update: रील बनाते समय हादसा, बरगी नहर में बहीं 4 लड़कियां, 2 की मौत, 1 लापता; चौथी ने तैरकर बचाई जान

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र के सालीबाड़ा गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नहर किनारे रील बना रही चार लड़कियां अचानक फिसलकर तेज बहाव में बह गईं। इस हादसे में दो लड़कियों की मौत हो गई है, जबकि एक अब भी लापता है। एक लड़की ने तैरकर अपनी जान बचा ली।

रील बनाते समय फिसला पैर

घटना सुबह करीब 11 बजे की है। बताया जा रहा है कि पांच लड़कियां नहर पर नहाने गई थीं, जिनमें से चार किनारे पर खड़े होकर मोबाइल से वीडियो (रील) बना रही थीं। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ा और वे नहर के तेज बहाव में बह गईं।

एक ने तैरकर बचाई जान

चार में से एक लड़की को तैरना आता था, जिससे वह किसी तरह बाहर निकल आई। उसने अपनी सहेलियों को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफल नहीं हो सकी।

बचाने की कोशिश रही नाकाम

मौके पर मौजूद लोगों ने भी लड़कियों को बचाने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक युवती ने साड़ी फेंककर उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और तीनों बह गईं।

4 घंटे बाद मिले दो शव

सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद शीतल पटेल (16) और सानिया पटेल (14) के शव घटनास्थल से लगभग 1 किलोमीटर दूर बरामद कर लिए गए।

एक लड़की अब भी लापता

तीसरी लड़की तनु पटेल (14) की तलाश अभी भी जारी है। रेस्क्यू टीम लगातार नहर में सर्चिंग कर रही है।

शादी में शामिल होने आई थीं सभी

बताया जा रहा है कि सभी लड़कियां एक ही परिवार की थीं और गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post