दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले के बरगी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जहां नहर में नहाने गई एक ही परिवार की तीन नाबालिग लड़कियां डूब गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।
नहाने के दौरान हुआ हादसा
घटना सालीबाड़ा गांव की है, जहां पांच लड़कियां नहर में नहाने के लिए उतरी थीं। इसी दौरान तीन लड़कियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं, जबकि दो अन्य सुरक्षित बाहर निकल आईं। लापता लड़कियों की पहचान शीतल पटेल (16) निवासी कटियाघाट, तनु पटेल (14) और सानिया पटेल (14) के रूप में हुई है। तीनों एक ही परिवार से बताई जा रही हैं।
3 घंटे से चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब तीन घंटे से लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है, लेकिन अब तक तीनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
शादी में शामिल होने आई थीं
बताया जा रहा है कि गांव में शादी समारोह था, जिसमें शामिल होने के लिए दो लड़कियां जबलपुर से आई थीं, जबकि बाकी स्थानीय थीं। खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया।
बचाने की कोशिश रही नाकाम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नहर किनारे मौजूद लोगों ने लड़कियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण उन्हें नहीं बचाया जा सका।
Tags
jabalpur
