राजगढ़ में दरिंदगी: 70 वर्षीय महिला से रेप के बाद नाक-होंठ काटे, इलाज के दौरान मौत ;रिश्ते में पोते लगने वाले युवक ने की हैवानियत

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मानवता को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म के बाद आरोपी युवक ने बर्बरता की सारी हदें पार करते हुए दांतों से उसकी नाक और होंठ काट दिए। गंभीर रूप से घायल महिला खेत में तड़पती रही और बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में रिश्ते में पोते लगने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

खेत में लहूलुहान हालत में मिला वीडियो

घटना का करीब डेढ़ मिनट का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें बुजुर्ग महिला गेहूं के खेत में लहूलुहान हालत में पड़ी दिखाई देती है। उसके चेहरे से लगातार खून बह रहा है और वह दर्द से कराह रही है। आसपास खड़े ग्रामीण उससे पूछते सुनाई दे रहे हैं—“काकी, किसने मारा तुम्हें… कौन आया था?”
हालांकि गंभीर चोटों के कारण महिला ठीक से बोल नहीं पा रही थी।

खेत में किया दुष्कर्म, विरोध पर किया बर्बर हमला

पुलिस जांच में सामने आया कि 3 मार्च की रात गांव से कुछ दूरी पर खेत में महिला के बेटे, उसके दो दोस्त और रिश्ते में भतीजा लगने वाले आरोपी युवक ने शराब और मुर्गा-मटन की पार्टी की थी।

रात करीब 10 से 11 बजे के बीच आरोपी वहां से निकल गया। रास्ते में उसे खेत के पास बुजुर्ग महिला अकेली मिली, जो रिश्ते में उसकी दादी लगती थी। आरोपी उसे पकड़कर खेत के अंदर ले गया और दुष्कर्म किया।

विरोध करने पर उसने दोनों हाथ पकड़कर दांतों से महिला की नाक और होंठ काट दिए और कटा हुआ मांस खेत में ही फेंक दिया।

नग्न हालत में गांव पहुंचा आरोपी

हमले के दौरान आरोपी की शर्ट खून से सनी गई थी। वारदात के बाद वह नग्न हालत में गांव पहुंचा। रास्ते में कुछ लोगों ने उसे इस हालत में देखा भी था। बाद में उसने खून लगी शर्ट छिपा दी और मुंह धोकर सामान्य होने की कोशिश की ताकि किसी को शक न हो।

खेत से मिले कपड़े और कटा हुआ मांस

अगली सुबह महिला का बेटा खेत पहुंचा तो मां को गंभीर हालत में पड़ा देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान खेत से अंडरवियर, लोवर और महिला की नाक का कटा हुआ मांस बरामद हुआ।

घायल महिला को तत्काल खिलचीपुर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे ने बताया कि महिला के बेटे की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

खेत की झोपड़ी में रह रही थी महिला

परिवार के अनुसार बुजुर्ग महिला अपने बेटे और बहू के साथ गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में बनी झोपड़ी में रहती थी। दो साल पहले पति की मौत हो चुकी थी।

घटना वाली रात बेटा पास के खेत में सिंचाई करने गया था और महिला झोपड़ी में अकेली थी। सुबह जब वह चाय बनाने उठा तो मां झोपड़ी में नहीं मिली। तलाश करने पर गेहूं के खेत में वह गंभीर हालत में पड़ी मिली।

Post a Comment

Previous Post Next Post