Jabalpur News: जादू-टोना के शक में युवक की निर्मम हत्या, कुल्हाड़ी से सिर काटा; शव और सिर अलग-अलग जगह मिले

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले के कुण्डम थाना क्षेत्र में जादू-टोना के शक में एक व्यक्ति की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले मारपीट की और फिर कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। मृतक का शव और सिर अलग-अलग स्थानों पर मिलने से इलाके में दहशत फैल गई।

मारपीट के बाद जबरन साथ ले गए आरोपी

पुलिस के अनुसार ग्राम बिसनपुरा निवासी नन्हेलाल यादव (50) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 मार्च की शाम करीब 4 बजे वह अपनी गाय और अन्य मवेशियों को जंगल से चराकर घर लौट रहा था। तभी अपने भाई भूरालाल यादव के घर के पास उसने देखा कि मधुशाह और पिट्टी यादव जादू-टोना करने के शक में उसके भाई भूरा यादव के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से मारपीट कर रहे थे।

नन्हेलाल और उसका बेटा सुरेश यादव बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। इस दौरान नन्हेलाल के सिर और चेहरे पर चोट आई, जबकि सुरेश यादव की बाईं आंख में डंडे से चोट लगी। इसके बाद आरोपी भूरा यादव को जान से मारने की धमकी देते हुए अपने साथ ले गए।

अगले दिन मिला सिर कटा शव

डर के कारण नन्हेलाल अपने बेटे के साथ घर चला गया। अगले दिन 5 मार्च की सुबह जब वह भाई के घर पहुंचा तो भूरा यादव नहीं मिला। उसकी तलाश जारी थी। इसी बीच 6 मार्च की दोपहर बरापानी हार क्षेत्र में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर देखा तो शव भूरा यादव का था, जिसका सिर कटा हुआ था।

तलाश करने पर शव का सिर महेशपुरी हार में बड़ी लाइन टावर के पास मिला।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस 

कुण्डम थाना पुलिस ने पहले मारपीट के मामले में धारा 296(ए), 115(2), 351(2), 140(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था। शव मिलने के बाद हत्या की धाराएं बढ़ाई जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा और एसडीओपी ग्रामीण आकांक्षा उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सतीष कुमार अंधवानी के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post