दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के कृपाल चौक मदन महल इलाके से एक मामला सामने आया है, जहां एक विवाह समारोह के दौरान पुलिस कर्मचारी पर बारातियों के साथ अभद्रता और धमकी देने के आरोप लगे हैं। इस पूरे मामले को लेकर युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष सतेंद्र (सोनू) कुकरेले और कैंट विधानसभा अध्यक्ष सौरभ यादव ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई की मांग की है।
युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष सतेंद्र (सोनू) कुकरेले और कैंट विधानसभा अध्यक्ष सौरभ यादव ने बताया कि रांझी बड़ा पत्थर से कृपाल चौक, मदन महल स्थित कुशवाहा परिवार की बारात पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस क्राइम ब्रांच में कार्यरत कर्मचारी आनंद तिवारी (निवासी कृपाल चौक) पर आरोप है कि उन्होंने बारात में पहुंचकर खुलेआम पिस्टल दिखाकर बारातियों को धमकाया। आरोपी पुलिसकर्मी ने न केवल बारातियों को धमकाया, बल्कि लाठी से मारपीट भी की। महिलाओं के साथ गाली-गलौज और बुजुर्गों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप भी लगाए गए हैं। इतना ही नहीं, रांझी क्षेत्र में जाकर भी धमकी देने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो भी सामने आने का दावा किया गया है, जिसे प्रत्यक्ष प्रमाण के तौर पर पेश किया गया है। इससे पूरे मामले ने और तूल पकड़ लिया है। यदि वर्दीधारी ही इस तरह पद का दुरुपयोग करेंगे, तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल खड़े होंगे। इसलिए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। इस अवसर पर रविंद्र कुशवाहा, निलेश जैन (नीटू), अभ्युत बाजपेयी, नितिन सिंह, शिशांत सिंह ठाकुर, शुभम बोहित, वरुण यादव, राहुल चौधरी, अनुज रजक, देवेंद्र शर्मा, राजेश केसरवानी, इंद्रजीत कुशवाहा, प्रवीण चौधरी, सागर विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे।
Tags
jabalpur


