Jabalpur News: बहुचर्चित 'क्लीरेंस एटकिंस हत्याकांड' का हुआ खुलासा, 15 एकड़ जमीन का विवाद बना मौत का कारण ;दो गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना रांझी अंतर्गत 23 अप्रैल को दिनदहाड़े हुई क्लीरेंस एटकिंस की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने "अंधी हत्या" की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता सहित तीन अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। यह पूरी वारदात रायपुर की 15 एकड़ बेशकीमती कृषि भूमि के विवाद को लेकर अंजाम दी गई थी।

5 साल के बेटे को स्कूल छोड़कर लौट रहा था मृतक 

23 अप्रैल 2026 की सुबह लगभग 8:30 बजे, रांझी निवासी क्लीरेंस एटकिंस (39 वर्ष) अपने 5 साल के बेटे को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे। तभी बड़ा पत्थर नरसिंह नगर स्थित अशोक मेडिकल के पास मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उनके सिर पर गोली मार दी। उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने धारा 103(1) BNS और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जमीनी विवाद बना हत्या की वजह


पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर गठित टीम ने जब तफ्तीश शुरू की, तो रायपुर की 15 एकड़ जमीन का विवाद सामने आया। जांच में पता चला कि इस जमीन को लेकर मृतक क्लीरेंस और बाबा नेल्सन के बीच पुराना विवाद चल रहा था। क्लीरेंस ने इस जमीन की रजिस्ट्री के खिलाफ न्यायालय में 'सिविल सूट' लगाया था, जिसे वापस लेने के लिए बाबा नेल्सन दबाव बना रहा था। बात न बनने पर बाबा नेल्सन के कहने पर उसके बेटे प्रिंस ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

रैकी कर मारी गई गोली

योजना के अनुसार, 23 अप्रैल की सुबह चारों आरोपी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर बड़ा पत्थर पहुंचे। मोहित ठाकुर और अरुण रैकवार ने क्लीरेंस के घर से निकलने की रैकी की और सिग्नल दिया। इसके बाद प्रिंस और अर्पित ने पीछा करते हुए शिवशक्ति चौराहे के पास पिस्टल से क्लीरेंस के सिर में गोली मार दी और फरार हो गए।

मोहित ठाकुर और तेजबल उर्फ अरुण रैकवार
दो गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी


पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर मोहित ठाकुर (20 वर्ष) निवासी केंट, जबलपुर को बरेला टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया, जबकि  तेजबल उर्फ अरुण रैकवार (20 वर्ष) निवासी नरसिंहपुर को मढ़ोताल दीनदयाल चौक के पास से घेराबंदी कर दबोच गया। 

पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की हार्ले डेविडसन और सीडी 100 मोटरसाइकिल सहित 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन, अर्पित कुशवाहा और बाबा नेल्सन अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

अंधी हत्या का खुलासा कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार करने में रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में उप निरीक्षक मयंक यादव, प्रधान आरक्षक  सुनील दुबे, पुरुषोत्तम, चन्द्रभान, आरक्षक मनीष अहिरवार, मनीष,  अभिषेक की सराहनीय भूमिका रही। 

Post a Comment

Previous Post Next Post