मानवता शर्मसार: घायल मरीज की पत्नी से साफ कराई एंबुलेंस, VIDEO वायरल

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिला अस्पताल परिसर में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एंबुलेंस कर्मचारियों की संवेदनहीनता का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे स्वास्थ्य तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये है पूरा मामला?

शुक्रवार शाम उमरिया-बरही रोड पर खितौली के पास करेला गांव निवासी 32 वर्षीय राहुल बर्मन सड़क हादसे का शिकार हो गए। अज्ञात वाहन की टक्कर से उनके सिर में गंभीर चोट आई। डायल 112 की मदद से उन्हें पहले बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर कटनी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

रास्ते में बिगड़ी हालत, एंबुलेंस में हुई उल्टी

बरही से कटनी लाते समय दर्द और चोट के चलते राहुल ने एंबुलेंस की खिड़की से उल्टी कर दी, जिससे वाहन गंदा हो गया।

VIDEO में दिखी संवेदनहीनता

जैसे ही एंबुलेंस (CG 04 NV 6385) जिला अस्पताल पहुंची, आरोप है कि एंबुलेंस कर्मचारी मोहित नायक ने मरीज की पत्नी पर एंबुलेंस साफ करने का दबाव बनाया। सामने आए वीडियो में महिला खुद पानी डालकर एंबुलेंस साफ करती नजर आ रही है, जबकि चालक पास खड़ा तमाशा देखता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किसी कर्मचारी ने महिला की मदद नहीं की।

हालत बिगड़ी, जबलपुर रेफर

कटनी जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद राहुल की हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इस मामले में CMHO डॉ. राज सिंह ठाकुर का शुरुआती बयान भी विवादों में आ गया। उन्होंने पहले कहा कि "संभवतः ब्लीडिंग हुई होगी, जिसे महिला ने साफ किया होगा। हालांकि, मामला तूल पकड़ने के बाद उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि इस तरह की घटना अस्वीकार्य है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post