MP में नियुक्तियों का सिलसिला जारी: सिंधिया को हराने वाले केपी यादव बने कार्पोरेशन अध्यक्ष, इन नेताओं को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्य प्रदेश में निगम-मंडलों और आयोगों में नियुक्तियों का दौर लगातार जारी है। शनिवार को तीसरे दिन भी सरकार ने अहम पदों पर नियुक्तियां करते हुए कई नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पहले गुरुवार और शुक्रवार को भी अलग-अलग बोर्ड और आयोगों में नियुक्ति आदेश जारी किए गए थे।

गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनाव में हराने वाले केपी यादव को मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन का अध्यक्ष बनाया गया है। पिछले दो साल से राजनीतिक पुनर्वास की प्रतीक्षा कर रहे केपी यादव को आखिरकार महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल गई है। उनका कार्यकाल दो वर्ष का होगा।

भिंड भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष संजीव कांकर को नागरिक आपूर्ति निगम का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल भी दो साल रहेगा।

पन्ना के भाजपा नेता संजय नगाइच को मध्य प्रदेश वेयर हाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन का अध्यक्ष बनाया गया है। वे वर्तमान में प्रदेश भाजपा कार्यालय में सहयोग सेल का कार्य देख रहे थे। नगाइच का कार्यकाल तीन साल का होगा।

भाजपा के पूर्व संभागीय संगठन मंत्री और प्रदेश मंत्री रह चुके केशव भदौरिया को महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

राज्य सरकार द्वारा लगातार तीसरे दिन की गई इन नियुक्तियों को संगठन और सरकार के बीच संतुलन साधने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले एससी-एसटी आयोग सहित कई अहम पदों पर भी नियुक्तियां की जा चुकी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post