दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। IPL 2026 के रोमांचक मुकाबले में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का शतक भी राजस्थान रॉयल्स को जीत नहीं दिला सका। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हरा दिया।
राजस्थान द्वारा दिए गए 229 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद ने 18.3 ओवर में 5 विकेट खोकर जीत दर्ज की। ईशान किशन ने 74 रन और अभिषेक शर्मा ने 57 रन की शानदार पारी खेली। इसके अलावा नीतीश कुमार रेड्डी (36) और हेनरिक क्लासन (29) ने टीम को जीत तक पहुंचाया।
राजस्थान की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 37 गेंदों में 103 रन ठोक दिए। उन्होंने 36 गेंदों में शतक पूरा करते हुए 12 छक्के और 5 चौके लगाए। ध्रुव जुरेल ने 51 रन और डोनोवन फरेरा ने 33 रन की तेज पारी खेली।
हैदराबाद के लिए ईशान मलिंगा ने 2 विकेट झटके, जबकि पैट कमिंस, नीतीश कुमार रेड्डी, शाकिब हुसैन और प्रफुल्ल हिंगे को 1-1 सफलता मिली। राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर और ब्रजेश शर्मा ने 2-2 विकेट लिए।
इस जीत के साथ हैदराबाद अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि राजस्थान चौथे नंबर पर खिसक गई। दोनों टीमों के 10-10 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के चलते हैदराबाद आगे है।
Tags
national
