दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश में सत्ता से जुड़े लोगों के विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई इंदर सिंह चौहान पर महिला अधिकारी को धमकाने और मारने दौड़ने का गंभीर मामला सामने आया है। यह घटना 22 अप्रैल को आलीराजपुर जनपद पंचायत कार्यालय में हुई, जहां मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) प्रिया काग के साथ अभद्रता की गई।
आरोप है कि इंदर सिंह चौहान कन्या विवाह योजना के तहत कुछ आवेदनों को निरस्त किए जाने से नाराज थे। इसी बात को लेकर उन्होंने कार्यालय पहुंचकर सीईओ से विवाद किया और गुस्से में आपा खो दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उन्होंने सीईओ को धमकाते हुए कहा, “तेरे दांत तोड़ दूंगा, तुझे यहीं जिंदा गाड़ दूंगा,” और उनकी ओर मारने के लिए दौड़ पड़े। मौके पर मौजूद लेखाधिकारी ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें इंदर सिंह चौहान को महिला अधिकारी के साथ आक्रामक व्यवहार करते देखा जा सकता है। फुटेज में साफ दिखता है कि सीईओ पीछे हटती हैं, लेकिन आरोपी बार-बार उनकी ओर बढ़ता है।
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई।
घटना के बाद सीईओ प्रिया काग ने कहा कि वे अपने कार्यस्थल पर खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी ने न सिर्फ धमकी दी, बल्कि उनका रास्ता भी रोका, जिससे वे भयभीत हो गईं।
वहीं मंत्री नागर सिंह चौहान ने पूरे मामले से दूरी बनाते हुए कहा कि उनका अपने भाई से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि वे अलग रहते हैं और वह किससे क्या बात कर रहा है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कानून अपना काम करेगा।
इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। विपक्ष ने इसे सत्ता का अहंकार बताते हुए सरकार पर निशाना साधा है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Tags
madhya pradesh
