MP News: ट्रैफिक पुलिस आरक्षक ने की आत्महत्या, क्वार्टर में मिला शव

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर।
मल्हारगंज थाना क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस के एक आरक्षक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस क्वार्टर में शनिवार को उनका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

एडिशनल डीसीपी सुमित केरकट्टा के अनुसार, चौथी पल्टन स्थित पुलिस क्वार्टर में रहने वाले 29 वर्षीय ट्रैफिक आरक्षक अंकित तोमर ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटनास्थल की तलाशी लेने पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है।

मृतक अंकित तोमर उत्तर प्रदेश के बागपत जिले का निवासी था और इंदौर में अपने पुलिस क्वार्टर में रह रहा था। उसके परिजन और रिश्तेदारों को घटना की सूचना दे दी गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अंकित का चयन दिल्ली पुलिस में हो चुका था और वह अगले तीन-चार महीनों में ज्वाइन करने वाला था। वह अविवाहित था और एसीपी ट्रैफिक ईस्ट कार्यालय में लिपिकीय कार्य कर रहा था।

साथियों से मिली जानकारी के मुताबिक, अंकित शुक्रवार रात करीब 10 बजे ड्यूटी से लौटकर अपने क्वार्टर आया था, जिसके बाद रात में ही उसने यह कदम उठा लिया। छुट्टी नहीं मिलने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post