Jabalpur News: निर्माणाधीन मंदिर की कुटिया में मिला साधु का खून से लथपथ शव, हत्या की आशंका; शरीर पर चोट के निशान

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरगी डैम क्षेत्र में शनिवार को एक मामला सामने आया है। निर्माणाधीन मंदिर परिसर में रह रहे 65 वर्षीय साधु तारापुरी महाराज का खून से सना शव उनकी कुटिया में मिला है। साधु के शरीर पर चोट के गंभीर निशान मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है।

मजदूरों ने देखा शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बरगी डैम के पास बन रहे एक मंदिर की है। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे जब मजदूर काम करने के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्हें साधु तारापुरी महाराज कहीं दिखाई नहीं दिए। तलाश करने पर जब वे कुटिया के भीतर गए, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। महाराज जी का शव जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था।

मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम

मामले की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस सहित क्राइम ब्रांच, एफएसएल (FSL) और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को साधु के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं, जो हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है।

सिवनी के रहने वाले थे महाराज

मृतक तारापुरी महाराज मूल रूप से सिवनी जिले के ईश्वरपुर के निवासी थे। वे बीते एक साल से बरगी क्षेत्र में रहकर स्थानीय लोगों के सहयोग से मंदिर का निर्माण कार्य करा रहे थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को वे घंसौर में किसी पुराने केस की पेशी पर गए थे और रात को ही वापस लौटे थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post